रंगकर्मी परिवार मे आपका स्वागत है। सदस्यता और राय के लिये हमें मेल करें- humrangkarmi@gmail.com

Website templates

Friday, December 4, 2009

बेजुबानों पर कहर का भी प्रचार

-डॉ. उत्तमा, असिस्टेंट प्रोफेसर (पेंटिंग), बनारस हिंदू विश्वविद्यालय वाराणसी। क दिन से उद्वेलित थी, परेशान थी। बकरीद के अगले दिन सुबह उठी तो समाचार पत्र में ऊंट की बलि की खबर देख ली। उद्वेलित इसलिये थी कि कुछ लोग कैसे सार्वजनिक रूप से एक जीव की हत्या कर सकते हैं? एक आदमी को मार डालना जेल भिजवा सकता है, हत्यारे को फांसी हो सकती है तो एक बेजुबान को मार डालने की इस देश में कोई सजा नहीं? उन्मादी भीड़ लोगों को मार दे तो दंगाई कहलाती है लेकिन यदि एक जानवर को मार दे तो कुछ नहीं, कोई सजा नहीं? परेशानी यह थी कि कैसे कोई इस घटना का महिमामंडन कर सकता था? एक ही दिन में तीन स्थानों पर ऊंटों की बलि कैसे इतनी जोर-शोर से उछाली जा सकती है, आखिर हम जैसे लोग भी तो हैं दुनिया में। मैं मानती हूं कि उन्हें कुर्बानी का हक है लेकिन खुलेआम और उसका इतना प्रचार??? अभी एक दिन मैं इंटरनेट पर एक सर्वे पढ़ रही थी जिसमें उल्लेख था कि इंडोनेशिया में मीट की खपत कम हो गई है और बड़ी संख्या में लोग शाकाहार को पसंद करने लगे हैं। दक्षिण कोरिया में कुत्तों की हत्या रोकने के लिए दुनियाभर में एक अभियान चल रहा है। एक आनलाइन पिटीशन पर ही तीन लाख से ज्यादा लोग साइन कर चुके हैं। दक्षिण कोरिया में बीस लाख के आसपास कुत्ते बर्बरतापूर्वक मार दिए जाते हैं। हम वहीं के वहीं हैं। बचपन में मैंने एक सुअर तो मरते देख लिया था तो कई दिन खाना नहीं खाया बल्कि लगातार रोने पर मम्मी की कई बार डांट जरूर पड़ी थी। दीपावली के दिन छत पर दीप सजा रही थी कि तभी कुछ लोगों की आवाजें सुनीं। एक सुअर भी चीख रहा था। सुअर भाग रहा था। लोग पांच तरफ से उसे घेरे हुए थे। सुअर चिल्ला रहा था, इधर मैं भी चीख रही थी। लगा यह कैसे संभव है, सार्वजनिक रूप से हत्या? कोई कैसे किसी को इस तरह मार सकता है? क्या मजा आता है उन्हें? यहां महज पेट के लिए यह कुकर्म हो रहा था। करीब तीन साल की थी तब नानी के गांव गई। एक पुजारी ने कुछ लोगों के साथ तीतर को मार गिराया। मैं तीन दिन तक बुखार में रही। मैं उस पुजारी को बाबा कहती थी, घटना के बाद इतनी डर गई कि बड़ी होने तक गांव गई ही नहीं। गई तब पुजारी मर चुका था, नहीं तो खूब खरी-खोटी सुनाती। वह उस धर्म से जुड़े़ थे, जो इसका प्रबल विरोधी है। उन्हें यह कतई हक नहीं था। दूसरा, उन्होंने मेरे सामने क्यों मारा? मुझसे हट जाने के लिए कह देते। छोटी थी, आसानी से बहल जाती शायद। सच कहूं तो उन्हें खरी-खोटी सुनाने ही गई थी वहां। एक ऊंट की पैर की चोट को मैंने काफी देर तक सहलाया था। तमाम कुत्तों को खाना खिलाया और एक को देर रात नाली से निकालकर बचाया भी था। यह गांधीजी के अहिंसा के सिद्धांत पर चलने वाला देश है। नेमिनाथ भी जैन धर्म के भगवान इसलिये हो गए कि उन्होंने जीव हत्या के विरुद्ध अपना सब-कुछ त्याग दिया। उनका विवाह था। वह दूल्हे बने थे कि तभी पिंजरे में बंद जानवरों को देख लिया जिन्हें रात्रि भोज के लिए काटा जाना था। सोचने लगे कि मेरी शादी के लिए इतनी बलि। दुल्हन सजी-धजी बैठी रही और वो वैरागी हो गए। एक बेजुबान की हत्या होती है और आसपास के लोग इतने प्रसन्न होते हैं। नजारा ऐसा होता है जैसे बुराई के प्रतीक रावण को अच्छाई के हिमायती घेर रहे हैं। घोर निंदनीय है यह। तमाम लोग मुझसे इत्तेफाक नहीं रखते होंगे तो रखें। मैं संवेदनशील हूं और तमाम लोग मुझ जैसे हैं। हमें यह अच्छा नहीं लगता। हम दुखी होते हैं, घंटों रोते हैं। एक बेजुबान दम तोड़ रहा होता है। यह कहां की मानवता है? कोई कुछ नहीं कर सकता तो इतना ही संभव हो जाए कि यह बलियां सार्वजनिक रूप से न हों औऱ यदि यह भी न हो पाए तो हम प्रचारित ही नहीं करें। किसी के धर्म का मामला है तो उन्हें ही करने दें क्योंकि उनका धर्म बेशक बलि की हिमायत करता है लेकिन प्रचार तो हम अपने प्रचार के लिए कर रहे हैं। http://kalajagat.blogspot.com/

No comments:

सुरक्षा अस्त्र

Text selection Lock by Hindi Blog Tips